सावन में कांवरियों की सेवा : गयाजी में नि:शुल्क होम्योपैथिक दवा एवं दर्द निवारक तेल का वितरण

 
गयाजी :- सावन माह में भगवान भोलेनाथ की भक्ति में लीन कांवरियों की सेवा के लिए गयाजी में एक सराहनीय पहल की गई। स्वयंसेवी संस्था आज़ाद वेलफेयर सेंटर द्वारा रविवार को कांवरियों के बीच नि:शुल्क होम्योपैथिक दवा “अर्निका मोंटाना” तथा दर्द निवारक तेल का वितरण किया गया। इस सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य कांवर यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली शारीरिक थकान और दर्द से राहत दिलाना है।
संस्था के सचिव एवं जिले के प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. के. के. कमर ने बताया कि सावन के पावन महीने में हजारों कांवरीये लंबी दूरी पैदल तय करते हुए जलाभिषेक के लिए गंतव्य तक पहुंचते हैं। इस दौरान उन्हें अक्सर मांसपेशियों में खिंचाव, जोड़ों का दर्द, थकावट और सूजन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। “अर्निका मोंटाना” जैसी प्रभावकारी होम्योपैथिक औषधि और दर्द निवारक तेल इन तकलीफों से शीघ्र राहत प्रदान करने में सहायक सिद्ध होंगे।
डॉ. कमर ने बताया कि संस्था का यह कार्यक्रम न केवल सामाजिक सेवा का हिस्सा है, बल्कि धार्मिक उत्तरदायित्व को भी निभाता है। उन्होंने कहा कि कांवरियों की सुरक्षित और स्वास्थ्यपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करना इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।
कार्यक्रम के दौरान कई श्रद्धालुओं ने दवा एवं तेल प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया और संस्था के इस प्रयास की सराहना की।
संस्था ने यह भी घोषणा की कि भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रहेंगे, ताकि धार्मिक यात्राओं के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक स्वास्थ्य सहायता मिल सके।
इस कार्यक्रम में इसराफुल हक़, फिरोज़ अख्तर, प्रकाश सहाय, रंजीत कुमार सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ