पटना :- भागलपुर जिले से अजब प्रेम की गजब कहानी सामने आई है। यहां एक बेमेल प्रेमी जोड़े ने शादी कर अपने घरवालों को शर्मिंदगी झेलने पर विवश कर दिया है। नाती-पोते वाली महिला ने महज 18 साल की उम्र के लड़के के साथ ब्याह रचाकर लोक-लाज और मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी है। महिला के बेटी-दामाद ने थाना पहुंचकर पुलिस से इस मामले में इंसाफ की गुहार लगाई है।
मामला घोघा थाना क्षेत्र के पक्कीसराय गांव का है। यहां सल्लो मंडल का अठारह वर्षीय पुत्र कन्हाई कुमार ने पचास वर्षीय महिला को दुल्हन बनाकर घर लाया है। महिला अपने युवा प्रेमी कन्हाई की पत्नी बनकर प्रेमी के घर ही रह रही है। नौजवान प्रेमी के घर रह रही महिला को समाज व अन्य लोगों से तो किसी प्रकार की कोई शर्मिंदगी नहीं होती, लेकिन बेटी-दामाद को देखकर वह लजाकर छिप जाती है।
जानकारी के अनुसार महिला को तीन पुत्रियां, एक पुत्र व विवाहित पुत्री से नाती-नतनी भी हैं। महिला ज्योति देवी मूलरूप से कहलगांव के शोभनाथपुर गांव की रहने वाली है। फरार होने के बाद स्वजनों ने काफी खोजबीन की। पता लगने के बाद महिला के बेटी, दामाद व अन्य सदस्य प्रेमी कन्हाई के घर घोघा थाना क्षेत्र के पक्कीसराय पहुंचे। स्वजनों के आग्रह पर ग्रामीण पंचायत भी हुई, लेकिन उस दौरान महिला भूमिगत रही। अंततः स्वजन वापस लौट गए।
0 टिप्पणियाँ